स्वास्थ्य विभाग में बड़ा घोटाला? नवीन जायसवाल के आरोपों से मचा हड़कंप

Impact News Point
3 Min Read
स्वास्थ्य विभाग में बड़ा घोटाला? नवीन जायसवाल के आरोपों से मचा हड़कंप

Jharkhand Politics: बीजेपी के राज्य कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, हटिया के विधायक और विधानसभा में मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने राज्य के स्वास्थ्य विभाग में गंभीर अनियमितताओं और कथित घोटालों पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि विभाग में अनियमितताएं लगातार सामने आ रही हैं। मुख्य सचिव द्वारा स्वास्थ्य सचिव को लिखी गई चिट्ठी, जिसमें बड़े पैमाने पर हो रही अनियमितताओं की जांच के निर्देश दिए गए हैं, इस मामले की गंभीरता को दर्शाती है।

नवीन जायसवाल ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफ़ान अंसारी ने अपने पद का गलत इस्तेमाल करके अपने सहयोगियों को ज़्यादा दरों पर टेंडर दिए। उन्होंने कहा कि पत्र में सामने आए तथ्यों के अनुसार, जिन उत्पादों की असल कीमत एक रुपया थी, उन्हें तीन से पांच गुना ज़्यादा कीमत पर खरीदा गया। उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे मामले सामने आए हैं जिनमें एक ही परिवार के सदस्यों के नाम पर कई कंपनियाँ रजिस्टर करके फ़ायदा पहुँचाया गया, जिससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल उठते हैं।

नवीन जयसवाल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में लगातार घोटाले उजागर हो रहे हैं. हालांकि मुख्य सचिव द्वारा संज्ञान लेना स्वागतयोग्य है, लेकिन स्वास्थ्य सचिव को जांच की जिम्मेदारी सौंपना ही संदेह पैदा करता है. उन्होंने इसे “बिल्ली को दूध सौंपना” बताया और आशंका व्यक्त की कि GeM पोर्टल के माध्यम से की गई उच्च दर की खरीदारी को छुपाया जा सकता है। श्री जयसवाल ने आगे कहा कि झारखंड में भी खजाना लूट का मामला सामने आया है, जिसमें हर जिले में करोड़ों रुपये का फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है. उन्होंने इसे चारा घोटाले से भी बड़ा घोटाला बताया.

यह भी पढ़ें: हेमन्त सोरेन ने किया स्व-गणना, जनगणना-2027 में बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में बालू, कोयला, जमीन और लोहे की लूट के मामले पहले से ही सामने आ रहे हैं और अब इसमें सरकारी खजाने की लूट का सिलसिला भी जुड़ गया है. मंत्री के प्रभाव में विभाग के अंदर महंगे दामों पर खरीदारी कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है. श्री जायसवाल ने कहा कि भाजपा मुख्यमंत्री से मांग करती है कि इस पूरे मामले की जांच किसी निष्पक्ष एवं स्वतंत्र एजेंसी से करायी जाये, ताकि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो सके. साथ ही संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और स्वास्थ्य मंत्री को तुरंत पद से बर्खास्त करने की मांग की गई. प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अशोक बड़ाईक और प्रदेश प्रवक्ता अवनीश सिंह मौजूद थे.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *