Weather Alert Today: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। दिल्ली और हरियाणा के कुछ हिस्सों के लिए ‘रेड अलर्ट’ घोषित किया गया है, जबकि जम्मू-कश्मीर के कई जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और ज़रूरी सावधानी बरतने की अपील की है। IMD के अनुसार, दिल्ली और हरियाणा के कई इलाकों में ज़ोरदार आंधी-तूफ़ान, बिजली कड़कने, 40-60 किमी/घंटा की रफ़्तार से तेज़ हवाएं चलने और 15 मिमी प्रति घंटे से ज़्यादा भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम के ऐसे हालात में लोगों को सलाह दी जाती है कि वे घर के अंदर रहें, पेड़ों और कमज़ोर ढांचों से दूर रहें और ज़रूरी न होने पर यात्रा करने से बचें।
Weather Alert Today: कई राज्यों में बिजली गिरने की चेतावनी
उत्तर भारत की बात करें तो जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में रुक-रुक कर बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 12 जुलाई तक जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में और 9 से 14 जुलाई के बीच हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में व्यापक बारिश होने की उम्मीद है।
मध्य भारत के मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के सिस्टम के कारण, इन राज्यों के कई इलाकों में 14 जुलाई तक ज़ोरदार बारिश होने की संभावना है। मध्य प्रदेश में खास तौर पर 9 जुलाई और 11 से 14 जुलाई के बीच भारी बारिश होने की उम्मीद है।
IMD ने जारी किया रेड अलर्ट
पूर्वी भारत के राज्यों – बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा – में भी भारी बारिश और बिजली गिरने का खतरा है। वहीं, पूर्वोत्तर राज्यों – अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा – में 14 जुलाई तक लगातार बारिश का अनुमान है।
इसके अलावा, कोंकण, गोवा, गुजरात, सौराष्ट्र, कच्छ और मध्य महाराष्ट्र में भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों – जिनमें केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी और लक्षद्वीप शामिल हैं – में भी व्यापक बारिश, तेज़ हवाओं और बिजली गिरने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे स्थानीय प्रशासन की सलाह मानें और खराब मौसम के दौरान बिना ज़रूरत घर से बाहर न निकलें।
यह भी पढ़ें: BPSC TRE 4: 25 जुलाई तक BPSC को भेजी जाएगी TRE-4 की रिक्तियां