रांची में होमगार्ड अभ्यर्थियों का उग्र आंदोलन, समाहरणालय का 4 घंटे घेराव

Impact News Point
3 Min Read
रांची में होमगार्ड अभ्यर्थियों का उग्र आंदोलन, समाहरणालय का 4 घंटे घेराव

Ranchi Home Guard Result: रांची जिला होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया में देरी को लेकर अभ्यर्थियों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा. सैकड़ों अभ्यर्थियों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और समाहरणालय का घेराव किया. आंदोलन का नेतृत्व झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो ने किया.

सुबह से ही मोरहाबादी मैदान में अभ्यर्थियों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था. प्रत्याशियों ने बापू वाटिका में महात्मा गांधी का माल्यार्पण करने के बाद पदयात्रा निकाली। यह मार्च मोरहाबादी मैदान से रेडियम रोड और कचहरी चौक होते हुए समाहरणालय भवन पहुंचा. भारी भीड़ के कारण कुछ देर के लिए यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई, जिसके बाद प्रशासन ने अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिये.

चार घंटे तक समाहरणालय का घेराव किया

अभ्यर्थी समाहरणालय पहुंचकर मुख्य द्वार के सामने अपनी मांगों को लेकर धरना देने लगे. करीब चार घंटे तक लगातार नारेबाजी होती रही। प्रशासनिक अधिकारियों ने कई बार वार्ता का प्रयास किया, लेकिन अभ्यर्थी सीधे उपायुक्त से वार्ता की मांग पर अड़े रहे. अंतत: देर शाम देवेन्द्र नाथ महतो समेत पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री से वार्ता की.

जांच के बाद जून के अंत तक नतीजे आने का आश्वासन

वार्ता के दौरान उपायुक्त ने कहा कि शारीरिक परीक्षा के मास्टर चार्ट में छेड़छाड़ की लिखित शिकायत मिली है, जिसकी जांच की जा रही है. इसके अलावा शहरी तकनीकी पदों के लिए कुछ अभ्यर्थियों के फर्जी स्थानीय प्रमाणपत्र की शिकायत पर एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है. उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि जून 2026 के अंत तक सभी जांच प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएंगी और उसके बाद पारदर्शी तरीके से परिणाम प्रकाशित किया जाएगा. उन्होंने होमगार्ड अभ्यर्थियों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए जल्द ही आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया.

1614 पदों पर होनी है नियुक्ति

गौरतलब है कि झारखंड गृह रक्षा वाहिनी द्वारा विज्ञापन संख्या 01/2025 के तहत 1614 होमगार्ड पदों पर भर्ती निकाली गयी थी. इसके लिए ऑनलाइन आवेदन लिए गए थे और शारीरिक दक्षता परीक्षा 13 अक्टूबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक आयोजित की गई थी. हालांकि, फिजिकल टेस्ट खत्म होने के पांच महीने से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी अभी तक रिजल्ट जारी नहीं किया गया है. जबकि राज्य के कई अन्य जिलों में परीक्षा के तुरंत बाद मास्टर चार्ट जारी कर दिया गया. इस देरी से नाराज अभ्यर्थियों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया. आंदोलन में आरसी फिजिकल एकेडमी, कमांडो डिफेंस एकेडमी, वर्दी मेरा जुनून कोचिंग और झारखंड फिजिकल एकेडमी के संचालकों समेत बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए.

यह भी पढ़ें: झारखंड में SIR को लेकर सियासत गरम, कांग्रेस आगे तो JMM-RJD अभी पीछे

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *