Rajya Sabha Election 2026: भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा चुनाव 2026 की तारीखों की घोषणा कर दी है। देश के विभिन्न राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों के साथ-साथ झारखंड की दो महत्वपूर्ण सीटों पर भी चुनाव होंगे। चुनाव आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के बाद राजनीतिक दलों में हलचल तेज हो गई है. खासकर झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.
चुनाव आयोग के मुताबिक, जून-जुलाई 2026 में रिटायर होने वाले राज्यसभा सदस्यों की सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू की जाएगी। आयोग द्वारा जारी प्रेस नोट के मुताबिक, चुनाव अधिसूचना 1 जून 2026 को जारी की जाएगी। उम्मीदवारों के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 8 जून तय की गई है। इसके बाद 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि उम्मीदवार 11 जून तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग 18 जून 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगी. मतदान समाप्ति के तुरंत बाद उसी दिन शाम पांच बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जायेगी. चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून 2026 तक पूरी कर ली जाएगी.
झारखंड की बात करें तो चुनाव आयोग की सूची के मुताबिक, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश और शिबू सोरेन का कार्यकाल 21 जून 2026 को खत्म हो रहा है. आयोग की सूची में शिबू सोरेन की सीट 4 अगस्त 2025 से खाली बताई गई है. ऐसे में झारखंड की दोनों सीटों पर होने वाला चुनाव काफी अहम माना जा रहा है.
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि इन चुनावों के जरिए राज्य का सत्तारूढ़ गठबंधन और विपक्ष दोनों अपनी ताकत दिखाने की कोशिश करेंगे. 18 जून को वोटिंग के बाद नए राज्यसभा सदस्यों के नाम लगभग तय हो जाएंगे. इसे देखते हुए झारखंड की राजनीति में आने वाले दिनों में बैठकों, रणनीतियों और उम्मीदवारों के नामों को लेकर चर्चा तेज हो सकती है.
यह भी पढ़ें: JTET Controversy: JTET विवाद पर मंत्रियों की बैठक बेनतीजा
इन राज्यों में होंगे राज्यसभा चुनाव:
- झारखंड – 2 सीट
- आंध्र प्रदेश – 4 सीट
- गुजरात – 4 सीट
- मध्य प्रदेश – 3 सीट
- राजस्थान – 3 सीट
- कर्नाटक – 4 सीट
- मणिपुर – 1 सीट
- मेघालय – 1 सीट
- अरुणाचल प्रदेश – 1 सीट
- मिजोरम – 1 सीट
राज्यसभा चुनाव 2026 को लेकर सभी राजनीतिक दल अब अपनी रणनीति बनाने में जुट गए हैं। यह चुनाव झारखंड में खास मायने रखता है क्योंकि यहां की दोनों सीटें राज्य की राजनीतिक दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।