Aamir Khan Marriage: भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेताओं में से एक आमिर खान एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं। इस बार वजह उनकी कोई नई फिल्म नहीं बल्कि उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी खबर है। मीडिया रिपोर्ट्स और सूत्रों के मुताबिक, ऐसी चर्चा जोरों पर है कि 61 साल के एक्टर जल्द ही अपनी करीबी दोस्त गौरी स्प्रैट से शादी कर सकते हैं. हालांकि, इस संबंध में आमिर खान या उनकी टीम की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि आमिर खान और गौरी स्प्रैट काफी समय से एक-दूसरे के करीब हैं। उनके रिश्ते की चर्चा तब तेज हो गई जब अभिनेता ने अपने 60वें जन्मदिन के मौके पर सार्वजनिक रूप से गौरी का परिचय कराया। उस दौरान आमिर ने माना था कि दोनों सीरियस रिलेशनशिप में हैं और एक-दूसरे को लंबे समय से जानते हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों पिछले कुछ समय से साथ रह रहे हैं और अब अपने रिश्ते को नया नाम देने पर विचार कर रहे हैं। चर्चा है कि अगर शादी होती है तो यह एक निजी और सादे समारोह में होगी, जिसमें केवल परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त ही शामिल होंगे। हालांकि, शादी की तारीख और शेड्यूल को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
गौरी स्प्रैट की बात करें तो वह प्रोफेशनल तौर पर आमिर खान के प्रोडक्शन से जुड़ी हुई हैं। वह पहले से शादीशुदा है और उसका एक बेटा भी है। कहा जाता है कि गौरी के परिवार की एक दिलचस्प ऐतिहासिक पृष्ठभूमि भी है। वह फिलिप स्प्रैट की पोती हैं, जिनका जन्म ब्रिटेन में हुआ था और बाद में वे भारत के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े।
आमिर खान की निजी जिंदगी हमेशा से लोगों की दिलचस्पी का विषय रही है। उनकी पहली शादी साल 1986 में रीना दत्ता से हुई थी। इस शादी से उनके दो बच्चे हैं, आयरा खान और जुनैद खान। करीब 16 साल तक साथ रहने के बाद साल 2002 में दोनों का तलाक हो गया।
इसके बाद आमिर खान ने फिल्म निर्माता और निर्देशक किरण राव से शादी कर ली। इस रिश्ते से उनके बेटे आज़ाद का जन्म हुआ। हालांकि, साल 2021 में आमिर और किरण राव ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया था। आज भी दोनों अपने बेटे के पालन-पोषण की जिम्मेदारी मिलकर निभाते हैं।
आमिर खान लंबे समय से अपने अभिनय, सामाजिक सोच और फिल्म निर्माण के लिए दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं। ऐसे में उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी हर खबर स्वाभाविक तौर पर लोगों का ध्यान खींचती है. अब सबकी नजर इस पर है कि आने वाले दिनों में इस रिश्ते को लेकर क्या आधिकारिक जानकारी सामने आती है.
यह भी पढ़ें: Jharkhand Women T20: कोयलांचल डायनामोस ने छोटानागपुर ब्लास्टर्स को 8 विकेट से हराया